Durman koot Dham Rewa : गुढ़ तहसील के ग्राम दुआरी में दुर्मनकूट धाम में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने ब्रम्हर्षि देवरहा बाबा की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री ने देवरहा बाबा की प्रतिमा का महाभिषेक तथा पूजा अर्चना की। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरहा बाबा ईश्वर तुल्य संत थे। बड़े-बड़े राजनेता और अन्य लोग उनका आशीर्वाद पाने के लिए लालायित रहते थे। उनके जैसा संत सदियों में जन्म लेता है। देवरहा बाबा ने दुर्मनकूट (Durman koot Dham Rewa) की गुफा में वर्षों साधना की थी। उनकी यह तपोभूमि प्राकृतिक सौंदर्य और आस्था का केन्द्र बनेगी।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि
दुर्मनकूट में विकास के कई कार्य किए जा रहे हैं। विधायक जी के प्रयासों से मगरदहा बांध का निर्माण होगा। दुर्मनकूट जैसे पवित्र स्थल हमें सनातनी परंपरा के उज्ज्वल इतिहास की याद दिलाती है। भावी पीढ़ी इन जैसे स्थानों से प्रेरणा लेकर प्रकृति और सनातन का महत्व समझेगी। विकास के साथ-साथ हमें अपनी परंपराओं को भी सहेजना है।
उन्होने आगे कहा कि ;
रीवा में चारों ओर तेजी से विकास हो रहा है। यह विकास संतों और गौमाता के आशीर्वाद के बिना संभव नहीं था। गौमाता कहीं भी असहाय नहीं रहेगी। भैरवनाथ मंदिर के समीप पाँच हजार गायों के लिए गौशाला का निर्माण किया जा रहा है। विधायक नागेन्द्र सिंह के प्रयासों से भैरवनाथ में भी भव्य मंदिर तैयार हो गया है। औद्योगिक क्षेत्र गुढ़ तथा नगर पंचायत गुढ़ को पर्याप्त पानी देने के लिए 20 करोड़ रुपए की लागत से जल प्रणाली विकसित की जा रही है। इससे पाँच एमएलडी पानी प्राप्त होगा। इन सभी कार्यों का अगले माह मुख्यमंत्री जी लोकार्पण करेंगे।
तो वहीं समारोह में गुढ़ विधायक नागेन्द्र सिंह ने कहा
यहाँ के समाजसेवी स्वर्गीय लवकुश प्रसाद अग्निहोत्री को देवरहा बाबा ने स्वप्न में बताया कि मैंने दुर्मनकूट की गुफा में लंबे समय तक तपस्या की थी। देवरहा बाबा की प्रेरणा से श्री अग्निहोत्री ने 1980 से दुर्मनकूट के विकास के प्रयास शुरू किए। दुर्मनकूट में 25 मंदिर, गुफा, अनेक प्रतिमाएं तथा अन्य स्थल हैं। मुख्य मार्ग से दुर्मनकूट तक की सड़क का निर्माण विधायक निधि से किया जाएगा।
समारोह में उप मुख्यमंत्री को कार्यक्रम के संयोजक द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह स्थल में स्वास्थ्य विभाग तथा आयुर्वेद विभाग द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर लगाकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।
ये रहे शामिल
Durman koot Dham में आयोजित इस समारोह में अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माया सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष गुढ़ श्रीमती अर्चना सिंह, श्री राजगोपाल मिश्रा(चारी), श्री राजेश पाण्डेय, डॉ विनोद पाण्डेय, श्री विश्वम्भर पटेल, श्री जयराम शुक्ला, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री लालबहादुर सिंह, श्री अरूण सिंह, श्री मुनिराज पटेल, जनपद के प्रभारी सीईओ जीएन श्रीवास्तव तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।