School closed in MP : मध्य प्रदेश में ठंड का टॉर्चर! इन जिलों में स्कूल बंद, तो यहां स्कूलों का समय बदला
School closed in MP : मध्य प्रदेश में आज सीजन का सबसे घना कोहरा छाया है । आलम ये है कि कई शहरों में विजिबिलिटी 50 मीटर भी नहीं बची है। सड़कों पर वाहनों की रफ़्तार थम चुकी है। पूरा प्रदेश कोहरे की चादर ओढ़े हुए है और शीतलहर के चलते लोग घरों से बाहर निकलने में भी हिचक रहे हैं । हाड़ कंपा देने वाली ठंड और घने कोहरे के चलते कई जिलों में स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
School closed in MP : भीषण ठंड और कोहरे के साथ ही शीतलहर ने भी पूरे प्रदेश को अपने आगोश में ले लिया है। मध्यप्रदेश में आज इस सीजन का सबसे घना कोहरा देखने को मिला, जहाँ विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम हो गई है।
इसके चलते प्रदेश के 18 ज़िलों के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। जबकि भोपाल और धार में बच्चों को इस भीषण ठंड से राहत देने के लिए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
इन ज़िलों में शीतलहर का कहर
मध्य प्रदेश के कई जिले कोल्ड वेव यानी शीतलहर की चपेट में है। जिसके चलते लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शीतलहर के चलते लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। मध्यप्रदेश के दतिया, ग्वालियर, उमरिया, निवाड़ी, छतरपुर और राजगढ़ में शीतलहर चली। और अगले दो दिनों तक भी कोई राहत मिलने के आसार नहीं हैं, यानी अभी भी यहाँ पर लोगों को शीतलहर का प्रकोप झेलना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें: थाईलैंड में भारतीय युवक की पिटाई क्यों हुई? ये है असली वजह
घने कोहरे के आगोश में ये ज़िले
एक और जहां शीतलहर का कहर देखने को मिल रहा है तो वहीं दूसरी ओर कई शहरों में घने कोहरे की चादर बिछ गई है। राजधानी भोपाल, देवास, उज्जैन, इंदौर, सीहोर, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, दमोह, सागर, आगर-मालवा, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, ग्वालियर, भिंड, दतिया, मुरैना, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, रीवा, सतना, सीधी, मऊगंज, मैहर, कटनी, शहडोल, उमरिया और सिंगरौली में घना कोहरा छाया हुआ है।
ये भी पढ़ें: सोशल मीडिया में ऐसे कमेंट्स करते हैं तो हो जाएं सावधान! अब सीधा कार्रवाई करेगी पुलिस, लगेगी BNS 163
यहां कोल्ड वेव का अलर्ट
भीषण ठंड के बीच कई ज़िलों में आज दिनभर कोल्ड वेव यानी शीतलहर चलने का अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है। इनमें राजगढ़, दतिया, छतरपुर और उमरिया शामिल है।
इन जिलों में स्कूल बंद (School closed in MP)
इंदौर: इंदौर में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए तीन दिन की छुट्टी की घोषणा की गई है।
उज्जैन: उज्जैन में नर्सरी से 5वीं तक के बच्चों को एक दिन की छुट्टी दी गई है।
मंदसौर: यहाँ नर्सरी से 8वीं तक के बच्चों को दो दिन की छुट्टी दी गई है।
शाजापुर: शाजापुर में नर्सरी से 8वीं तक के बच्चों को 5–6 जनवरी के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
विदिशा: यहाँ नर्सरी से 5वीं तक, दो दिन (5–6 जनवरी)
का अवकाश दिया गया है।
ग्वालियर: ग्वालियर में भी नर्सरी से 8वीं तक के बच्चों के लिए 5–6 जनवरी का अवकाश घोषित किया गया है।
अशोकनगर: यहाँ 5 जनवरी को स्कूल व आंगनबाड़ी दोनों बंद रहेंगी।
रायसेन: नर्सरी से 5वीं तक के बच्चों के लिए 7 जनवरी तक की छुट्टी दी गई है।
आगर-मालवा: कक्षा 1 से 8 तक, दो दिनो का अवकाश घोषित किया गया है इसके साथ ही यहाँ भी आंगनबाड़ी बंद रहेगी।
भिंड: यहां नर्सरी से कक्षा 8 तक, दो दिनों का अवकाश घोषित किया गया है।
टीकमगढ़: नर्सरी से 8वीं तक, 5 और 6 जनवरी को छुट्टी रहेगी।
हरदा: हरदा में नर्सरी से 8वीं तक के बच्चों को सोमवार की छुट्टी दी गई है।
नीमच: यहाँ नर्सरी से 8वीं तक, दो दिन (5–6 जनवरी) को छुट्टी दी गई है।
रतलाम: रतलाम में नर्सरी से 8वीं तक के स्कूल 5 और 6 जनवरी को बंद रहेंगे।
राजगढ़: कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में कल का अवकाश घोषित किया गया है।
मंडला: मंडला में नर्सरी से 8वीं तक के सभी बच्चों को 5–6 जनवरी का अवकाश दिया गया है, इसके साथ ही यहां आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जबलपुर: नर्सरी से 8वीं तक के बच्चों को दो दिन, 5–6 जनवरी तक अवकाश घोषित, आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगीं। हालांकि यहां परीक्षाएं यथावत होंगी।
दमोह: यहां प्री प्राइमरी से 8वीं तक एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यहां भी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे ।
इन जिलों में बदला स्कूल का समय
भीषण ठंड के बीच जहाँ 18 जिलों में स्कूल बंद रहेंगे तो वही कुछ जिलों में स्कूल के समय में बदलाव किया गया है। बच्चों को ठंड से राहत दिलाने के लिए राजधानी भोपाल और धार में स्कूल की टाइमिंग में बदलाव किया गया है।
भोपाल : राजधानी में नर्सरी से 8वीं तक के स्कूल सुबह 9.30 बजे के बाद खुलेंगे।
धार : यहां भी नर्सरी से 8वीं तक के बच्चों की कक्षाएं 9.30 बजे के बाद संचालित होंगी। हालांकि 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएँ यथावत चलेंगी, उनके समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
